मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रतलाम के सैलाना व पिपलौदा क्षेत्र का दौरा करेंगे। अतिवृष्टि से खराब फसलों का जायजा लेंगे और किसानों से सीधी बातचीत करेंगे।
रतलाम, 12 सितंबर 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रतलाम जिले के सैलाना और पिपलौदा इलाके का दौरा करेंगे। वे अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का निरीक्षण करेंगे और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे।
सीएम का कार्यक्रम दोपहर 3:05 बजे झाबुआ जिले के पेटलावद से शुरू होगा। हेलिकॉप्टर द्वारा सैलाना पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से करिया, आम्बा और आसपास के प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री 3:45 बजे सैलाना से गांधी सागर, मंदसौर के लिए रवाना होंगे।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
सीएम के दौरे की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजेश बाथम और एसपी अमित कुमार ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रशासनिक टीम ने प्रभावित गांवों में जाकर खेतों की स्थिति का आकलन किया और किसानों से बातचीत भी की। सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री के दौरे के बाद शाम 4 से 5 बजे तक जनजातीय कार्य मंत्री एवं रतलाम जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में अतिवृष्टि से नुकसान का आकलन, राहत पैकेज और मुआवजे पर चर्चा की जाएगी।
किसानों की उम्मीदें बढ़ीं
लगातार बारिश और अतिवृष्टि ने रतलाम जिले के कई गांवों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। किसान मुख्यमंत्री के दौरे को बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं। माना जा रहा है कि राज्य सरकार जल्द ही राहत पैकेज और मुआवजे को लेकर अहम फैसला ले सकती है।

