संबल योजना: MP सरकार ने श्रमिक परिवारों को दी बड़ी राहत, 175 करोड़ रुपये ट्रांसफर
भोपाल, 09 सितंबर 2025।
मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के बाद अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी श्रमिक वर्ग को राहत देने में पीछे नहीं हैं। मंगलवार को उन्होंने संबल योजना (Sambal Yojana) के तहत 7953 पात्र श्रमिक परिवारों के खातों में 175 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की।
अब तक 7046 करोड़ से ज्यादा की राशि वितरित
संबल योजना की शुरुआत से अब तक प्रदेश में 7 लाख 60 हजार 866 प्रकरणों में सरकार द्वारा 7046 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हितग्राहियों को दी जा चुकी है। वहीं, इस योजना में 1 करोड़ 77 लाख से ज्यादा श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन भी पूरा हो चुका है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है।
क्या है संबल योजना?
संबल योजना असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा (Social Security) प्रदान करने वाली राज्य सरकार की प्रमुख योजना है।
इसके तहत मिलने वाले लाभ:
- दुर्घटना में मृत्यु होने पर – ₹4 लाख
- सामान्य मृत्यु पर – ₹2 लाख
- स्थाई अपंगता पर – ₹2 लाख
- आंशिक अपंगता पर – ₹1 लाख
- अंत्येष्टि सहायता – ₹15,000
- महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता – ₹16,000
- बच्चों की उच्च शिक्षा का पूरा शुल्क – राज्य सरकार द्वारा वहन
गिग वर्कर्स भी जुड़े योजना से
भारत सरकार के नीति आयोग की पहल पर अब गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर (जैसे डिलीवरी बॉय, कैब ड्राइवर) को भी इस योजना से जोड़ा गया है। इनके पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही ये भी योजना का लाभ ले पाएंगे।
राशन और स्वास्थ्य सुविधा भी शामिल
संबल योजना के लाभार्थियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची भी मिलती है, जिससे वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत सस्ते राशन का फायदा उठा सकते हैं।
इसके अलावा सभी हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामय योजना के तहत सालाना ₹5 लाख तक का निशुल्क इलाज मिल रहा है।
मुख्यमंत्री का संदेश
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, “प्रदेश के श्रमिक परिवार हमारी सरकार की प्राथमिकता हैं। संबल योजना के जरिए हम उनके कठिन समय में सहारा बनना चाहते हैं।”
