Delhi Flood Alert LIVE: यमुना उफान पर, दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट, हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ा, यमुना ने पार किया खतरे का निशान
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते हालात और गंभीर हो गए हैं। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 5000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।
NDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटी
राजधानी में बाढ़ जैसे हालात से निपटने के लिए NDRF की 4 टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य कर रही हैं। लोगों को राहत शिविरों और कैंपों में शिफ्ट किया जा रहा है।
इन इलाकों में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर
-
यमुना बाजार और मोनेस्ट्री मार्केट पूरी तरह जलमग्न
-
मयूर विहार में पानी भरने से लोगों को राहत कैंपों में रहना पड़ा
-
निगमबोध घाट, पुराना लोहा पुल, ISBT, बुराड़ी, न्यू उस्मानपुर और नजफगढ़ पानी में डूबे
-
कालिंदी कुंज में यमुना का रौद्र रूप, कई कॉलोनियां जलमग्न
निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार रुका
बाढ़ का असर अब दिल्ली के निगमबोध घाट पर भी दिख रहा है। यहां पानी भर जाने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई है। अब शवों को पंचकुइयां श्मशान घाट भेजा जा रहा है।
आज भी दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली और NCR में आज भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इससे यमुना का जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
