इंदौर: तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय छत्रपति नगर में भगवान पुष्पदंत नाथ का महामोक्ष कल्याणक उत्सव सम्पन्न
इंदौर। तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर में दस लक्षण महापर्व के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म के रूप में भगवान पुष्पदंत नाथ भगवान का महामोक्ष कल्याणक महोत्सव बड़े ही भक्ति भाव से मनाया गया। इस अवसर पर धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस पर्व में श्री पुष्पदंत भगवान को निर्वाण लाडू समर्पित किया गया।
शांतिधारा और अभिषेक
महोत्सव की शुरुआत भगवान पुष्पदंत नाथ का अभिषेक एवं शांति धारा से हुई। प्रथम शांति धारा का सौभाग्य ट्रस्ट के संरक्षक प्रकाशचंद अनिल कुमार जैन को प्राप्त हुआ, जबकि द्वितीय शांति धारा का सौभाग्य ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रमेश चंद संदीप कुमार जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, डॉ. जैनेन्द्र जैन, हीरालाल शाह, धन्नालाल जैन, कमल जैन, चेलेंजर विपुल बाझल सहित अन्य समाज जन और भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
विधि-विधान के साथ मोक्ष कल्याणक महोत्सव
समस्त विधि-विधान के कार्य पंडित अंशु भैया के नेतृत्व में संपन्न हुए। अभिषेक और पूजन के उपरांत भगवान पुष्पदंत नाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव भक्ति भाव से मनाया गया और निर्वाण लाडू का समर्पण किया गया। इसका सौभाग्य छत्रपति नगर के धर्मनिष्ठ परिवार अजय कुमार, अमन कुमार कासलीवाल बिजली वाले परिवार को प्राप्त हुआ।
सभी उपस्थित भक्तों ने उत्साहपूर्वक निर्वाण कांड का पाठ किया और भगवान पुष्पदंत को अर्घ समर्पित करते हुए निर्वाण लाडू का समर्पण किया।
इस महापर्व के आयोजन ने छत्रपति नगर के जैन समाज में धार्मिक आस्था और भक्ति की भावना को और भी मजबूत किया।

