ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पर्यटन निवेश और नई परियोजनाओं पर होगा बड़ा ऐलान
ग्वालियर, 30 अगस्त 2025। मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए ग्वालियर में शनिवार सुबह 10:30 बजे से रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव (Regional Tourism Conclave) का भव्य आयोजन होगा। इसका शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यह आयोजन ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को राष्ट्रीय और वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
विशेष अतिथि और गणमान्य हस्तियाँ होंगी मौजूद
इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे केंद्रीय संचार मंत्री एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, तथा पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता और ग्वालियर की पहचान पीयूष मिश्रा भी विशेष तौर पर शामिल होंगे।
निवेशकों को मिलेगा भरोसा – लेटर ऑफ अवार्ड का वितरण
कॉन्क्लेव के दौरान होटल, रिसोर्ट, वेलनेस और ईको-टूरिज्म क्षेत्र में निवेश करने वाले निवेशकों को लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही ग्वालियर की मान सिंह तोमर यूनिवर्सिटी के साथ समझौता (MoU) होगा, जिसके तहत लोक कलाकारों, पारंपरिक संगीतज्ञों और पर्यटक ग्रामों के कलाकारों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
इसके अलावा याप डिजिटल, क्रायोन्स एडवरटाइजिंग, ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड और कॉन्सेप्ट कम्युनिकेशन्स जैसी संस्थाओं के साथ इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार को लेकर अनुबंध होंगे। इन साझेदारियों से न केवल निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और कलाकारों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
नई परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में कई नई पर्यटन परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी –
-
हस्तशिल्प मार्केटिंग के लिए डेलबर्टो संस्था के साथ साझेदारी होगी, जिसके जरिए एक विशेष ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ग्राहक सीधे स्थानीय कारीगरों से जुड़े उत्पाद खरीद सकेंगे।
-
इंडिगो और आगा खां फाउंडेशन के सहयोग से सीएसआर अंतर्गत ग्वालियर किले में संरक्षण, लैंडस्केपिंग और इल्युमिनेशन कार्यों का शिलान्यास होगा।
-
स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत ग्वालियर के फूल बाग में अनुभवात्मक पर्यटन परियोजनाओं का शुभारंभ होगा।
-
मान सिंह तोमर म्यूजिक यूनिवर्सिटी में विकास कार्यों की शुरुआत होगी।
पैनल डिस्कशनों में होगी धरोहर और पर्यटन की रणनीति पर चर्चा
कॉन्क्लेव में दो अहम पैनल डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे –
-
“टूरिज़्म ऐज़ अ कल्चरल ब्रिज – ब्रांडिंग ग्वालियर एंड हार्टलैंड ऑफ एमपी”
इसमें ग्वालियर की सांस्कृतिक धरोहर, शास्त्रीय संगीत और स्थापत्य कला को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की रणनीतियों पर विचार होगा। -
“ग्वालियर एंड चंबल राइजिंग – इनबाउंड अपील थ्रू हेरिटेज, लग्ज़री एंड एक्सपीरियंस”
इसमें डेस्टिनेशन वेडिंग, लग्ज़री स्टे, हेरिटेज और अनुभवात्मक पर्यटन जैसे नए पर्यटन आयामों पर मंथन होगा।
पर्यटन निवेश की संभावनाओं पर फोकस
इस आयोजन का एक विशेष आकर्षण होगा ट्रैवल ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के बीच संवाद। इसमें क्षेत्रीय पर्यटन निवेश की संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। यह प्रयास न केवल ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि मध्यप्रदेश और राष्ट्रीय पर्यटन समृद्धि में भी योगदान देगा।

