Indore Love Jihad Case: कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी ने कोर्ट में किया सरेंडर, कई आपराधिक मामलों में वांछित
इंदौर (एमपी न्यूज़)। लव जिहाद फंडिंग केस में फरार चल रहे कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी ने शुक्रवार को इंदौर जिला कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 40 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी संपत्ति जब्त करने की तैयारी हो रही थी।
वकील के भेष में कोर्ट पहुंचे अनवर
करीब ढाई महीने से फरार अनवर कादरी शुक्रवार सुबह कोर्ट में सफेद शर्ट और काली पैंट पहनकर पेश हुआ। फरारी के दौरान उसका हुलिया पूरी तरह बदल चुका था—उसने दाढ़ी-मूंछ कटवा ली और बाल काले करवा लिए थे। कोर्ट से बाहर निकलते समय भीड़ ने उसे घेर लिया और एक व्यक्ति ने तमाचा भी जड़ दिया।
पुलिस ने मांगा 8 दिन का रिमांड
आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने अदालत से आठ दिन की रिमांड की मांग की है ताकि लव जिहाद फंडिंग से जुड़े पहलुओं की जांच की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि कादरी ने संपत्ति जब्ती से बचने के लिए सरेंडर किया।
हिंदू युवतियों को फंसाने का आरोप
15 जून को बाणगंगा पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि उन्हें अनवर कादरी से 2-3 लाख रुपये मिले थे ताकि वे हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन करवा सकें। इसी आधार पर कादरी पर लव जिहाद फंडिंग और दुष्कर्म करवाने का केस दर्ज हुआ।
पार्षद पद से हटाने की कार्रवाई
इंदौर नगर निगम ने कादरी को पार्षद पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। महापौर परिषद ने प्रस्ताव पारित कर संभागायुक्त को भेजा था। 25 अगस्त तक जवाब देने का मौका दिया गया, लेकिन उसने पेश नहीं किया। अब जल्द ही पद से हटाने की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
दर्ज हैं 20 से ज्यादा आपराधिक मामले
अनवर कादरी पिता मोहम्मद असलम कादरी पर इंदौर और उज्जैन के थानों में 20 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
-
संयोगितागंज थाना: 7 मामले
-
सदर बाजार: 4
-
खजराना: 3
-
बाणगंगा: 2
-
चंदन नगर: 2
-
जूनी इंदौर, सराफा, छोटी ग्वालटोली, एमजी रोड: 1-1 मामला
साथ ही महाकाल थाने (उज्जैन) में भी उस पर डकैती (धारा 392) का केस दर्ज है।
NSA के तहत गिरफ्तारी का आदेश
जिला प्रशासन पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत उसकी गिरफ्तारी का आदेश दे चुका था, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनी रहे।
