केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वदेशी सिर्फ वस्त्र या वस्तु नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का मंत्र है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करें ताकि किसान, कारीगर और उद्योग मजबूत हों और भारत आत्मनिर्भर बने।
स्वदेशी सिर्फ वस्त्र नहीं, आत्मनिर्भर भारत का मंत्र है: शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि स्वदेशी सिर्फ वस्त्र या वस्तु नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत का मंत्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भारत को मजबूती से आगे बढ़ाना है, तो हमें अपने जीवन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा।
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“स्वदेशी ही भारत की असली शक्ति है। यह सिर्फ कपड़ा या कोई वस्तु नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का सम्मान, कारीगरों के हुनर की पहचान और युवाओं-उद्योगों की ताकत है। जब हम स्वदेशी चुनते हैं, तो हम भारत के भविष्य को चुनते हैं।”
स्वदेशी से मजबूत होगा गांव और किसान
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि स्वदेशी अपनाने से गांव मजबूत होंगे, किसान संपन्न होंगे, उद्योग बढ़ेंगे और भारत आत्मनिर्भर बनेगा।
उन्होंने लिखा, “स्वदेशी यानी अपनी मिट्टी की खुशबू और देशवासियों की मेहनत का सम्मान।”
IISER भोपाल कार्यक्रम में की अपील
भोपाल स्थित आईआईएसईआर (IISER) में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील को दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें।
उन्होंने कहा, “आप सभी से अनुरोध है कि जितना हो सके, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें। इससे देश के लोगों को रोजगार मिलेगा और भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।”
प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर जोर
गौरतलब है कि 15 अगस्त, 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘स्वदेशी अपनाओ, आत्मनिर्भर बनो’ का आह्वान किया था। फिलहाल उनकी इस पहल पर स्वदेशी मुहिम पूरे देश में जोर पकड़ रही है। सरकार और सत्तारूढ़ दल लगातार इस संदेश को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
