उज्जैन में जैन साध्वी से छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना, CCTV में कैद आरोपी – जैन समाज में आक्रोश
उज्जैन (मध्यप्रदेश), अगस्त 2025:
जैन समाज के प्रमुख पर्व पर्युषण पर्व के दौरान उज्जैन में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। सोमवार रात जैन साध्वी के साथ बदसलूकी की गई। मंदिर से उपाश्रय जाते समय भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में एक युवक ने साध्वी से छेड़छाड़ की। यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
आरोपी का फोटो और वीडियो पुलिस के पास
समाज के लोगों ने आरोपी का फोटो और वीडियो सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपा है। घटना की शिकायत खारा कुआं थाने में की गई है। समाजजन का कहना है कि आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया था, लेकिन थोड़ी देर बाद वह भागने में सफल हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
एएसपी नितेश भार्गव ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधी को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।
जैन समाज में गहरा रोष, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इस घटना से पूरे भारत के जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है। समाज के वरिष्ठ जनों – डॉ. जैनेन्द्र जैन, अमित कासलीवाल, अशोक मेहता, कातीलाल बंम, सुशील पांड्या, मनोहर झांझरी, हंसमुख गांधी, टीके वेद, मंयक जैन, पुष्पा कासलीवाल, रेखा जैन, श्रीफल रुचि चौविश्या, मुक्ता जैन आदि ने सरकार से मांग की है कि –
-
आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
-
मंदिरों और उपाश्रयों के पास पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाए।
-
साध्वियों और संतों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
