स्वतंत्रता दिवस पर सांसद शंकर लालवानी की अनोखी पहल
स्वच्छता की दीदी के हाथों हुआ ध्वजारोहण, समाज के हर वर्ग को सम्मान का संदेश
इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने समाज के हर वर्ग को सम्मान और समान अवसर देने की एक अनोखी मिसाल पेश की। सांसद कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने हाथों झंडा फहराने के बजाय यह जिम्मेदारी सांसद कार्यालय में कार्यरत स्वच्छता की दीदी श्रीमती मंजु बाई को सौंपी।
समाज के हर वर्ग की भागीदारी का प्रतीक
ध्वजारोहण का यह क्षण उपस्थित सभी लोगों के लिए गर्व और भावुकता से भरा हुआ था। इंदौर शहर जो लगातार 8 वर्षों से स्वच्छता में देशभर में नंबर-1 रहा है, उसकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की असली नींव उन स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम पर आधारित है। सांसद द्वारा मंजु बाई को यह सम्मान दिलाना न केवल उनके योगदान का आदर था, बल्कि पूरे समाज के लिए यह एक प्रेरणा का संदेश भी रहा कि राष्ट्र निर्माण में हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा
सांसद शंकर लालवानी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्ष देश के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों से भरे रहे हैं। प्रधानमंत्री अपने हर संबोधन में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की बात करते हैं और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करते हैं। उनका संदेश है कि समाज के सभी वर्ग एक मोती की माला की तरह जुड़े रहें, यही एकता और सौहार्द हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताक़त है।
सहयोगियों के साथ मनाया गया पावन अवसर
कार्यक्रम के दौरान सांसद कार्यालय के सहयोगी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और स्वतंत्रता दिवस की खुशियाँ साझा कीं। ध्वजारोहण के बाद वातावरण “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।
