महाकाल मंदिर में पर्जन्य अनुष्ठान: प्रदेश में अच्छी वर्षा की कामना, CM मोहन यादव दंपति हुए शामिल
उज्जैन। मालवा में कम बारिश और बढ़ते जल संकट के बीच शनिवार को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में पर्जन्य अनुष्ठान की शुरुआत हुई। प्रदेश में उत्तम वर्षा की प्रार्थना के इस विशेष आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी पत्नी के साथ सम्मिलित हुए। नंदी हाल में 66 पुजारियों ने सामूहिक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महारुद्र पाठ और विशेष पूजन किया।
कमजोर मानसून से बढ़ी चिंता
मालवा क्षेत्र, विशेषकर उज्जैन, इंदौर, देवास और आसपास के जिलों में इस बार मानसून कमजोर रहा है। किसानों और आम नागरिकों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए महाकाल मंदिर में करीब तीन घंटे तक विशेष पूजा, महारुद्र पाठ और अभिषेक हुआ।
मंत्रोच्चार और सतत जलधारा से अभिषेक
अनुष्ठान के दौरान पुजारियों ने गर्भगृह में शिवलिंग का महापूजन किया। सतत जलधारा और दूधधारा से भगवान महाकाल का अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा नंदी हाल भक्तिमय हो उठा।
मुख्यमंत्री की प्रार्थना – हर कोने में बरसे खुशहाली
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “आज रक्षाबंधन पर महाकाल की शरण में आकर प्रदेश में संतुलित वर्षा और सुख-समृद्धि की कामना करना सौभाग्य की बात है।” उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि प्रदेश के हर हिस्से में आनंद और खुशहाली बरसे।
रक्षाबंधन पर महा रुद्राभिषेक
मंदिर के पुजारी आशीष ने बताया कि रक्षाबंधन पूर्णिमा के अवसर पर विशेष महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री के पूजन के बाद ब्राह्मणों ने सामूहिक रूप से जलधारा और दूधधारा से भगवान महादेव का अभिषेक किया।
गंभीर डेम में मात्र 10 दिन का जल भंडार
श्रावण मास का अंतिम दिन होने के बावजूद उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में संतोषजनक वर्षा नहीं हुई है। शहर की जलापूर्ति का प्रमुख स्रोत गंभीर डेम अब केवल 10 दिन का जल भंडार बचाए हुए है। जल स्तर में कमी के चलते शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है। वर्षा का यह अभाव सावन में ही जल संकट को गंभीर बना रहा है।
