मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की मुहिम के बावजूद रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। रीवा जिले से ताजा मामला सामने आया है, जहां लोकायुक्त ने पटवारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान तहसील के बरेही हल्का के पटवारी नवीन गुप्ता को जमीन नामांतरण के बदले 500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। शिकायत ग्राम महसुआ निवासी राजेश कुमार यादव ने दी थी, जिसमें बताया गया कि पटवारी ने जमीन का नामांतरण करने के लिए 2000 रुपए की मांग की थी।

लोकायुक्त ने शिकायत की पुष्टि के बाद कार्रवाई की तैयारी की और सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद टीम ने ट्रैप प्लान के तहत पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई स्वतंत्र सरकारी गवाहों की मौजूदगी में की गई और आरोपी के पास से रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई।
पटवारी के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 एवं संशोधन अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप दल में निरीक्षक उपेंद्र दुबे और प्रभारी एसपी प्रवीण सिंह परिहार प्रमुख भूमिका में रहे। लोकायुक्त के अनुसार प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
