Jain समाज के तीन राष्ट्रीय आयोजन अक्टूबर-नवंबर में, मथुरा, अयोध्या और कोटा में होंगे कार्यक्रम
तीर्थ क्षेत्र कमेटी का 125वां वर्ष, ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव और आचार्य पदारोहण शताब्दी महोत्सव प्रमुख आकर्षण
मुरैना/इंदौर, मनोज जैन नायक। Jain समाज के धार्मिक, सामाजिक और ऐतिहासिक गौरव को समर्पित तीन राष्ट्रीय आयोजन अक्टूबर और नवंबर 2026 में होंगे। इनमें तीर्थ क्षेत्र कमेटी का 125वां वर्ष, दिगंबर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन, आर्यिका शिरोमणि ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव और आचार्य पदारोहण शताब्दी महोत्सव प्रमुख हैं। तीर्थक्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय मंत्री हसमुख गांधी ने विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
21-22 अक्टूबर: मथुरा चौरासी में शतकोत्तर रजत महोत्सव
पहला आयोजन 21 और 22 अक्टूबर 2026 को मथुरा चौरासी में होगा। इसमें भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी का शतकोत्तर रजत महोत्सव (125वां वर्ष) मनाया जाएगा। यह आयोजन कमेटी की ऐतिहासिक यात्रा, धार्मिक योगदान और तीर्थ क्षेत्रों के संरक्षण के महत्व को रेखांकित करेगा।
25-26 अक्टूबर: अयोध्या में सर्वजातीय सम्मेलन
दूसरा आयोजन 25 और 26 अक्टूबर 2026 को अयोध्या में होगा। यहाँ दिगंबर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन के साथ भारत गौरव आर्यिका शिरोमणि पूज्य ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन के जरिए जैन समाज की एकता, सामाजिक समरसता और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
22 नवंबर: कोटा में आचार्य पदारोहण शताब्दी महोत्सव
तीसरा आयोजन 22 नवंबर 2026 को राजस्थान के कोटा में होगा। प्रशममूर्ति आचार्य श्री शांतिसागरजी महाराज के आचार्य पदारोहण की शताब्दी पर यह महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम में भारत गौरव एवं स्वस्ति धाम प्रणेता आर्यिका श्री स्वस्ति भूषण माताजी (जहाजपुर) का सान्निध्य मिलेगा।
समाजबंधुओं से सहभागिता की अपील
तीनों आयोजनों के लिए श्रद्धालुओं और धर्मानुरागियों से भाग लेने की अपील की गई है। निवेदक हसमुख जैन गांधी, इंदौर (राष्ट्रीय मंत्री, तीर्थ क्षेत्र कमेटी; महामंत्री, सर्वजातीय महासंघ एवं अध्यक्ष, आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष) ने समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।
