इंदौर में संस्था समृद्धि सेतु का विशाल रक्तदान शिविर आयोजित, कई युवाओं ने किया प्रथम बार रक्तदान
इंदौर: संस्था समृद्धि सेतु, इंदौर द्वारा आज 20 सितंबर 2025 को कनाडिया रोड पर एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान के इस पुण्य कार्य में सहभागिता दिखाई।
संस्था के सदस्य विनोद पटेल ने बताया कि इस शिविर में कई नए रक्तदाताओं ने भी हिस्सा लिया। विशेष रूप से, पहली बार रक्तदान करने वालों में एक पति-पत्नी जोड़ा और 10 से अधिक युवा शामिल थे। प्रथम बार रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं का विशेष सम्मान संस्था के सदस्य दीपेश जैन द्वारा किया गया। सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए और दुपट्टा ड़ालकर सम्मानित किया गया।
रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य 30 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य था, लेकिन इसमें इससे कहीं अधिक लोगों ने रक्तदान कर इस लक्ष्य को पार कर दिया। इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्य दीपेश जैन, भरत जैन, सचिन जैन “शौर्य” और विनोद पटेल उपस्थित रहे। शिविर के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया, जिसे श्री ललित जैन (कोठिया) ने किया।
संस्था समृद्धि सेतु ने इस अवसर पर सभी रक्तदाताओं की सराहना की और समाज में रक्तदान के महत्व पर जोर दिया।
